
बदायूं। अनलॉक-वन का सोमवार से दूसरा चरण आरंभ हो गया है। सोमवार को जिलाधिकारी कुमार प्रशान्त व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी ने विभिन्न धर्माें के मौजिज़ लोगों एवं व्यवसायिक लोगों के साथ बैठक की और धार्मिक स्थलों के साथ होटल, रेस्टोरेंट, मॉल सब खुलने के लिए जिला प्रशासन ने गाइडलाइन जारी कर दी है। जिले में मंदिरों से लेकर होटलों तक में शारीरिक दूरी, मास्क, सैनिटाइजर का उपयोग अनिवार्य किया गया है। खासकर होटलों में मोबाइल पर आरोग्य सेतु एप को भी अनिवार्य किया गया है। शासन की ओर से दिशा निर्देश कल ही जारी कर दिए गए हैं। पुलिस ने जगह-जगह धर्मगुरुओं के साथ बैठक कर लॉकडाउन के नियमों का पालन कराते हुए धर्मस्थल खोलने के दिशा निर्देश दिए।
सदर कोतवाली और सिविल लाइंस समेत थाना स्तर पर धार्मिक स्थलों के संचालकों और धर्मगुरुओं के साथ बैठक कर शासन के दिशा निर्देशों से अवगत कराया गया। बताया गया है कि धार्मिक स्थलों में एक बार में पांच श्रद्धालुओं को ही प्रवेश दिया जाएगा। थर्मल स्क्रीनिग, सैनिटाइजर और मास्क अनिवार्य किए गए हैं। कोरोना संदिग्ध दिखने वालों को धार्मिक स्थलों में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।