- Mohd Zubair Qadri
बदायूं में जमीन के विवाद में दो पक्षों में खूनी संघर्ष, फायरिंग गोली लगने से तीन की मौत

यूपी बदायूं। जरीफनगर थाना क्षेत्र के गांव आरिफपुर भक्ता नगला में बुधवार दोपहर पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में जमकर गोलीबारी हो गई, जिसमें एक पक्ष के एक और दूसरे पक्ष के दो लोगों की मौत हो गई। जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों में एक की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं।
बताया जा रहा है कि गांव के अमर सिंह और महिपाल के बीच पुरानी रंजिश चल रही थी। दोपहर के समय दोनों ही पक्ष खेत पर मौजूद थे। इसी दौरान उनके बीच गाली-गलौज के बाद फायरिंग हो गई। दोनों ओर से चली गोली में अमर सिंह का भाई 30 वर्षीय रेशम पाल, महिपाल का बेटा 15 वर्षीय जयप्रकाश, उसका भतीजा 22 वर्षीय सत्येंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
तो वहीं इस गोलीबारी में अमर सिंह, उसका भाई 25 वर्षीय राधेश्याम, महिपाल और महिपाल का भतीजा 24 वर्षीय हरिओम घायल हो गया। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
4 लोगों से की जा रही है पूछताछ
मामले में एसएसपी डॉ ओपी सिंह ने बताया, "दोनों पक्ष अपने खेत में काम कर रहे थे। एक पक्ष पानी लगा रहा था। वहीं, दूसरा पक्ष खाद डाल रहा था। इसी बीच दोनों पक्षों में किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
विवाद में लाठी-डंडों और राइफल से दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर हमला कर दिया। हमले में 6 लोग घायल हुए थे। सभी को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां 3 को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस इस मामले में 4 लोगों से पूछताछ कर रही है।"
आरोपियों को छोड़ा नहीं जाएगा
मामले में एडीजी जोन पीसी मीणा ने बताया, दो पक्षों में लड़ाई के बाद 3 लोगों की मौत हुई है। मामला पुराने विवाद से जुड़ा हुआ है। टीम मामले की जांच कर रही है। आरोपियों को छोड़ा नहीं जाएगा।