top of page
  • Mohd Zubair Qadri

बदायूं में भाजपा का चार सीटों पर पुराने चेहरों पर भरोसा, बिल्सी, सहसवान पर नया दांव


यूपी बदायूं। भाजपा ने बदायूं जिले की सभी छह सीटों के प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। शहर में महेश गुप्ता, बिसौली में कुशाग्र सागर, दातागंज में राजीव कुमार सिंह और शेखूपुर में धर्मेंद्र शाक्य पर दोबारा भरोसा जताया गया है। बिल्सी में आरके शर्मा की छोड़ी गई सीट पर हरीश शाक्य को टिकट दिया गया है। वहीं सहसवान में डीके भारद्वाज को टिकट दिया है। डीके पहले बदायूं से जदयू व भाजपा गठबंधन से लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं। हरीश को स्वामी प्रसाद फैक्टर के चलते टिकट मिलने की बात बताई जा रही है।


जिले में सभी छह सीटों पर भाजपा ने टिकट घोषित कर दिए हैं। दोपहर के समय आई सूची में चार सीटों बदायूं, बिसौली, शेखूपुर और दातागंज में पुराने विधायकों का ही टिकट बरकरार रखा गया। भाजपा को सहसवान व बिल्सी में टिकट बदलना ही था। सहसवान में पिछली बार संभल के चंदौसी निवासी आशुतोष वार्ष्णेय उर्फ भोला को टिकट दिया गया था जो चौथे नंबर पर रहे थे और जमानत जब्त हो गई थी। इसके बाद भोला की गतिविधियां जिले में लगभग खत्म हो गईं। साथ ही बिल्सी से भाजपा के विधायक आरके शर्मा की गतिविधियां अपने क्षेत्र में लगभग शून्य थीं और पार्टी कार्यकर्ताओं में भी उन्हें लेकर विरोध था। ऐसे में शर्मा ने खुद ही सीट छोड़ दी और अब आंवला से सपा के टिकट पर चुनाव की तैयारी में हैं। इस लिहाज से भाजपा ने सहसवान से डीके भारद्वाज व बिल्सी से हरीश शाक्य को टिकट दिया है।

bottom of page