- Mohd Zubair Qadri
कार्यसमिति बैठक: नड्डा ने जन कल्याणकारी योजनाओं भरोसे मिशन 2022 फतह का दिया मंत्र

यूपी। विधानसभा चुनाव में भाजपा केंद्र की मोदी सरकार व प्रदेश की योगी सरकार के काम पर चुनावी मैदान में उतरेगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शुक्रवार को दिल्ली से भाजपा प्रदेश कार्यसमिति का वर्चुअल उद्घाटन करते हुए नेताओं-कार्यकर्ताओं को केंद्र और प्रदेश सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं बलबूते ‘मिशन-2022’ फतह करने का मंत्र दिया। उन्होंने कहा कि अगर योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों को नहीं मिला तो आने वाली पीढ़ियां माफ नहीं करेंगी।
भाजपा प्रदेश मुख्यालय पर हुई प्रदेश कार्यसमिति की एक दिवसीय बैठक में नड्डा ने केंद्रीय योजनाओं की चर्चा करते हुए कहा कि हम सबकी जिम्मेदारी है कि सरकार के कार्यों को जमीन पर उतारने में अपनी भूमिका निभाएं। ताकि समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनोपयोगी योजनाओं का लाभ पहुंच सके। नड्डा ने यूपी के सांस्कृतिक व राजनीतिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि बीते सात वर्षों में देश में विकास की अलख जगी है। आगे भी इसे बरकार रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
विकास लिहाज से ‘लिडिंग स्टेट ऑफ कंट्री’ बन गया यूपी
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कहा कि प्रधानमंत्री के मार्ग दर्शन और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में यूपी विकास के एक्सप्रेस-वे पर तेज गति से आगे बढ़ रहा है। अंधेरे के बिना उजाले की कीमत पता नहीं चलती। पहले क्या नुकसान हो गया है, यदि वह याद न रहे तो फायदे का पता नहीं चलता। चार साल पहले तक उप्र में जातिवाद, वंशवाद और तुष्टिकरण की राजनीति के साथ ही जातिवाद भाई-भतीजावाद, अत्याचार और अनाचार का बोलबाला था। भाजपा के सत्ता आने के बाद से यह प्रदेश ‘लीडिंग स्टेट ऑफ़ कंट्री’ के रूप में प्रतिष्ठित हुआ है।
नड्डा ने पीएम मोदी द्वारा वाराणसी में सीएम योगी के कामों की तारीफ का जिक्र करते हुए कहा कि यूपी के अस्पतालों में बड़े पैमाने पर आक्सीजन प्लांट लग रहे हैं। उन्होंने सांसदों, विधायकों व पार्टी पदाधिकारियों से भी प्लांट लगाने की व्यवस्था की निगरानी करने को कहा। कोविड प्रबंधन पर सवाल उठाने के लिए कांग्रेस को निशाने पर लेते हुए नड्डा ने कहा कि कि इतिहास गवाह कि टीबी, प्लेग, पोलियो, चिकनपॉक्स, स्माल पॉक्स जैसी बीमारियों का टीका पूरे विश्व में लगने के बाद भारत को दिया गया था। जबकि मोदी सराकार ने कोरोना जैसी घातक बीमारी का टीका मात्र 9 महीने में तैयार कर वैक्सीनेशन शुरू करा दिया था। नड्डा ने ऑक्सीजन की जरूरत से ज्यादा मांग और ओछी राजनीति का जिक्र कर बिना नाम लिए आम आदमी पार्टी को आड़े हाथों लिया।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि पहला मौका है जब प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। कार्यकर्ताओं को यह समझना और जनता को भी समझाना होगा कि यूपी किस तरह से तुष्टिकरण की राजनीति जाल में फंसा हुआ था। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश जातिवाद, वंशवाद और तुष्टिकरण की राजनीति के जाल में जकड़ा हुआ था लेकिन पिछले चार वर्षों में एक विकासशील प्रदेश बन गया है। उन्होंने जिला पंचायत और ब्लाक प्रमुख चुनाव में बंपर जीत के लिए कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए कहा कि सपा-बसपा को सिरे से नकारकर जनता ने हमें काम करने का संदेश दिया है। हमें जिम्मेदारी समझते हुए पूरी ताकत से जुटना होगा।
इस मौके पर दिल्ली से नड्डा के साथ केंद्रीय मंत्री डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय, स्मृति ईरानी और राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह भी जुड़े थे। प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डा.दिनेश शर्मा, प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश महामंत्री संगठन सुनील बंसल मौजूद थे। बैठक का संचालन प्रदेश महामंत्री जेपीएस राठौर ने किया।