- Mohd Zubair Qadri
शहरवासियों को अब कूड़े से मिल सकेगी निजात, सॉल़िड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट की मंजूरी

यूपी बदायूं। शहरवासियों को अब कूड़े से निजात मिल सकेगी। शासन ने सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट बनाने को मंजूरी दे दी है, यह प्लांट नौ करोड़, 17 लाख रुपये की लागत से बनेगा। इसको लेकर पालिका की ओर से प्लांट के लिए भूमि का चयन किया जाएगा। हालांकि शासन स्तर से इसको बनाने के लिए तीन करोड़, आठ लाख रुपये भी पहली किस्त के रूप में जारी कर दिए हैं।
शहर के कूड़ा निस्तारण के लिए सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट का प्लांट उतरना में लगना था, लेकिन कंपनियों में आपसी विवाद की वजह से मामला कोर्ट पहुंच गया और वह आज तक शुरू नहीं हो सका। जबकि नगर पालिका के मुताबिक शहर में रोजाना लगभग 85 मीट्रिक टन सड़कों पर फेंका जाता है। इसकी वजह से जगह-जगह कूड़े के ढेर लग जाते हैं, नतीजतन शहर के लोगों को काफी दिक्कतें उठानी पड़ती हैं। कूड़े से होने वाली गंदगी के कारण संक्रामक रोगों के फैलने का भी खतरा बना रहता है।
इसको लेकर सदर विधायक व पूर्व नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद गुप्ता काफी समय से प्रयासरत हैं। सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री और नगर विकास मंत्री से भी मांग की थी। सदर विधायक ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत शहर में सॉलिड वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट की मंजूरी दे दी है। प्लांट के लिए नगर पालिका द्वारा जमीन का चयन किया जाएगा। इसके बाद प्लांट का काम शुरू हो जाएगा। इसके लिए प्रथम किश्त के रूप में तीन करोड़ आठ लाख रुपये जारी भी कर दिए गए हैं।