top of page
  • Mohd Zubair Qadri

कांग्रेस शेखूपुर प्रत्याशी फरहा नईम ने दिया इस्तीफा, फूट-फूटकर रोईं कहा, जिलाध्यक्ष महिला विरोधी


यूपी बदायूं। कांग्रेस की शेखूपुर से प्रत्याशी बनाई गईं फरहा नईम ने कांग्रेस को जोर का झटका दिया है। उन्होंने नामांकन से पहले ही पत्रकार वार्ता करके अपना इस्तीफा देते हुए चुनाव न लड़ने की घोषणा की। उन्होंने कांग्रेस की नीतियों पर सवाल उठाने के साथ ही जिलाध्यक्ष पर तीखे आरोपों की बौछार की। इधर, जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह के साथ ही पार्टी के दूसरे नेता आरोपों को निराधार बताने में जुट गए हैं।


कांग्रेस ने बदायूं जिले में बाकी बची चार सीटों पर टिकट घोषित कर दिए हैं। इनमें फरहा नईम को शेखूपुर सीट से प्रत्याशी घोषित किया है। इन लोगों को शुक्रवार को नामांकन करना है। फरहा ने बृहस्पतिवार शाम प्रेसवार्ता कर पद से इस्तीफा देने के साथ ही चुनाव न लड़ने का एलान किया। कांग्रेस की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि मेरा नाम जिले में कांग्रेस नेता के तौर पर बच्चा-बच्चा जानता है पर कांग्रेस संगठन ने मेरा काफी विरोध किया है। इसलिए मैं मीडिया के माध्यम से अपनी बात प्रियंका गांधी तक पहुंचाना चाहती हूं। मैंने चुनाव न लड़ने का निर्णय लिया है। मैं पार्टी का दिया यह सिंबल वापस दे रहीं हूं। फरहा ने जिलाध्यक्ष ओमकार सिंह पर गंभीर आरोप लगाए। कहा कि जिलाध्यक्ष महिला व मुस्लिम विरोधी मानसिकता रखते हैं। उन्होंने मेरा समय-समय पर अपमान किया है। वार्ता के दौरान फरहा फूट-फूटकर रोने लगीं। कहा कि जिलाध्यक्ष ने मेरे चरित्र पर अंगुली उठाई है। मेरे पति स्वर्गीय नईम के अच्छे काम को नहीं गिना गया और उन्हीं पर कीचड़ उछाला गया।


शेखूपुर क्षेत्र की जनता का शुक्रिया अदा करूंगी कि उसने मेरे अच्छे काम को प्रियंका जी तक पहुंचाया और मेरा टिकट मिलने का रास्ता साफ हुआ। हालांकि जब मैं ही इस पार्टी में सुरक्षित नहीं हूं तो जनता की सुरक्षा क्या कर सकूंगी। इसलिए मैं इस पार्टी और टिकट दोनों को छोड़ रही हूं।

-

फरहा नईम ने शेखूपुर से आवेदन किया था। पार्टी ने उन्हें टिकट दिया है। ऐन वक्त पर वह टिकट क्यों लौटा रही हैं, ये संदेह का विषय है। हो सकता है कि वह किसी दूसरी पार्टी या नेता के इशारे पर ऐसा कर रहीं हों। मेरे ऊपर जो आरोप लगा रहीं हैं, उनके पास इनकी सत्यता का कोई प्रमाण हो तो मीडिया या पार्टी को जरूर दें। मैं लखनऊ जा रहा हूं। प्रदेश नेतृत्व के सामने बात रखकर नए प्रत्याशी का चयन कराया जाएगा।

ओमकार सिंह, जिलाध्यक्ष कांग्रेस

bottom of page