top of page

जिले में दो महिलाओं की मौत, विद्युत उपकेंद्र के पांच कर्मचारियों समेत 44 कोरोना पॉजिटिव


बदायूं। जिले में कोरोना संक्रमण से दो और जान चली गईं। जगत ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम अहोरामई निवासी दो महिलाएं कोरोना संक्रमित थीं। उनका दिल्ली के अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा था। एक ने गुरुवार रात और दूसरी ने शुक्रवार को दम तोड़ दिया। उनके शव परिवार वालों को नहीं सौंपे गए हैं। उनका दिल्ली में ही अंतिम संस्कार कराया गया है। वहीं शुक्रवार रात आई रिपोर्ट में 44 कोरोना पॉजिटिव और निकले हैं।


शुक्रवार रात स्वास्थ्य विभाग के पास 343 सैंपलों की रिपोर्ट आई। इनमें 44 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। विभागीय अधिकारियों के मुताबिक रसूलपुर विद्युत उपकेंद्र के पांच कर्मचारी और पॉजिटिव मिले हैं। शुक्रवार को उनकी जांच कराई गई थी जिसमें वह पॉजिटिव निकले हैं। इससे पहले कई कर्मचारी संक्रमित निकल चुके हैं। इनके अलावा सालारपुर ब्लॉक क्षेत्र में दो पॉजिटिव मिले हैं। बिसौली में एक, कादरचौक में दो और उझानी में 14 लोग संक्रमित पाए गए हैं। बिल्सी में एक व्यक्ति की मृत्यु के बाद पॉजिटिव रिपोर्ट आई थी। इसे लेकर कस्बे में कैंप लगाया गया। मृतक के परिवार से कोई पॉजिटिव नहीं निकला। उनके पड़ोस में चार लोग संक्रमित जरूर मिले हैं। उन्हें आसरा आवास भेजा जा रहा है। जगत ब्लॉक क्षेत्र में एक, ब्राहमपुर मोहल्ले में एक, श्यामनगर में एक, चौधरी सराय में दो, आवास विकास में एक, सिविल लाइन में एक, जवाहरपुरी में दो, चित्रांश नगर में तीन, पटेल नगर में दो, आदर्श नगर में दो और शिवपुरम मोहल्ले में एक संक्रमित मिला है। शुक्रवार को सुबह से चली सैंपलिंग में शाम तक 925 सैंपल एकत्र किए गए। सभी को जांच के लिए भेजा गया है।


बरेली और आगरा से रेफर हुईं थीं कोरोना पॉजिटिव महिलाएं

जगत ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम अहोरामई निवासी एक महिला का परिवार गन्ना दफ्तर के पास रहता है। उसकी हालत बिगड़ने पर परिवार वाले उसे बरेली ले गए थे जहां से उसे दिल्ली रेफर किया गया था। जांच में वह कोरोना पॉजिटिव निकली थी। गुरुवार रात उसकी मौत हो गई। वहीं, दूसरी महिला का परिवार भी इसी गांव का रहने वाला है लेकिन इस समय परिवार के लोग ढाकवाली ज्यारत के नजदीक रहता है। परिवार वाले उसे आगरा ले गए थे, जहां से उसे दिल्ली रेफर किया गया। उसकी शुक्रवार को मौत हो गई। परिवार वालों ने उनके शव बदायूं लाने की कोशिश की लेकिन उन्हें शव नहीं मिल सके। उनका वहीं अंतिम संस्कार करा दिए गया है।



bottom of page