top of page
  • Mohd Zubair Qadri

अलीगढ़ से आक्सीजन मंगाएगा जिला अस्पताल प्रशासन, फिलहाल आक्सीजन की कमी


यूपी बदायूं। जिला अस्पताल प्रशासन अलीगढ़ से आक्सीजन की सप्लाई मंगाएगा। इसके लिए अस्पताल प्रशासन ने अलीगढ़ के प्लांट संचालक से बातचीत शुरू की है। उम्मीद जताई है कि बात बनते ही अलीगढ़ से सप्लाई शुरू हो जाएगी। फिलहाल तीन सिलिंडर वहां से मिलने का दावा किया है। यह कवायद अस्पताल प्रशासन को रविवार से बरेली से होने वाली आक्सीजन की सप्लाई बंद होने से करनी पड़ रही है। वहीं, बरेली से सप्लाई बंद होने से महिला अस्पताल और सीएचसी-पीएचसी समेत निजी अस्पतालों में भी आक्सीजन का संकट गहरा सकता है, इसलिए वैकल्पिक व्यवस्था के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।


जिला अस्पताल नान कोविड अस्पताल है। यहां सर्दी, बुखार, खांसी और सांस की समस्या जैसे मरीजों का उपचार चल रहा है। लेकिन, इनमें कुछ ऐसे भी मरीज है जिन्हें सांस की समस्या है। इनका इलाज आक्सीजन के सहारे ही चल रहा है। रविवार को जिला अस्पताल में अचानक आक्सीजन खत्म हो गई थी। मरीजों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी तो स्वास्थ्य विभाग में अफरा-तफरी मच गई थी। इसकी भनक लगते ही सीएमएस विजय बहादुर राम मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्सीजन की स्थिति का जायजा लिया और तत्काल ही महिला अस्पताल से एक सिलिडर आक्सीजन लेकर आपूर्ति शुरू करा दी थी। इसके बाद ही मरीजों ने राहत की सांस ली थी। हालांकि कुछ मरीजों को मेडीकल कालेज में रेफर कर दिया गया था। गहरा सकता है अन्य जगह भी संकट


सीएमएस ने बताया कि जिला अस्पताल को बरेली से आक्सीजन की सप्लाई होती है, जो कि बंद हो गई है। बताते हैं कि बरेली से जिला, महिला अस्पताल समेत सीएचसी-पीएचसी पर आक्सीजन की आपूर्ति हो रही थी। लेकिन, आक्सीजन की बढ़ती मांग के बीच अचानक से रविवार से सप्लाई बंद हो गई। इससे महिला अस्पताल और सीएचसी व पीएचसी पर भी संकट गहरा सकता है। इससे बिना आक्सीजन के नान कोविड मरीजों का इलाज करना पाना मुश्किल हो सकता है। आक्सीजन की बढ़ती किल्लत को देखते हुए अन्य स्थानों से इंतजाम किए जा रहे हैं। सोमवार को मेडिकल कालेज से आक्सीजन के तीन सिलिडर लिए हैं, जिसके सहारे से मरीजों को इलाज चल रहा है। फिलहाल आक्सीजन की कमी बनी है।


डा.विजय बहादुर राम, सीएमएस, जिला अस्पताल

bottom of page