- Mohd Zubair Qadri
बदायूं में महिला डॉक्टर से दुष्कर्म मामले में आरोपी डॉक्टर को किया गया गिरफ्तार

बदायूं। डॉक्टर के नाम धब्बा दुष्कर्म समेत धोखाधड़ी के मुकदमे में तीन महीने से फरार चल रहे जिला महिला अस्पताल के स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. हाकिम सिंह को पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। डॉ. हाकिम के खिलाफ 13 अगस्त को एक निजी महिला चिकित्सक ने सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। मामले की विवेचना सिविल लाइंस थाना पुलिस कर रही थी। पिछले दिनों पीड़ित पक्ष ने एसएसपी संकल्प शर्मा से मिलकर मामले में कार्रवाई की मांग की थी। एसएसपी ने पूरा मामला समझने के बाद पुलिस को गिरफ्तारी का आदेश दिया।
सदर कोतवाली में 13 अगस्त को निजी अस्पताल चलाने वाली महिला चिकित्सक ने डॉ. हाकिम पर मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें बताया गया था कि वह आपरेशन के लिए डॉ. हाकिम सिंह को अपने अस्पताल बुलाती थीं और डॉक्टर ने नशे की गोलियां देकर उनके साथ दुष्कर्म किया। साथ ही वीडियो बना ली थी। इस मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर पीड़ित पक्ष ने एडीजी बरेली जोन समेत डीजीपी व मुख्यमंत्री से भी प्रकरण की शिकायत की थी। शुरुआती विवेचना सदर कोतवाली पुलिस ने की, जबकि बाद में यह तफ्तीश सिविल लाइंस थाना पुलिस को ट्रांसफर कर दी गई।
इधर, पिछले दिनों पीड़ित पक्ष ने एसएसपी संकल्प शर्मा से मिलकर कार्रवाई की मांग की। यह भी बताया गया कि आरोपी डॉक्टर के खिलाफ अदालत के आदेश पर सामूहिक दुष्कर्म व धोखाधड़ी का मुकदमा सिविल लाइंस थाने में भी नवंबर में दर्ज किया गया था। बावजूद इसके आरोपी असलहों के बल पर धमकाकर फैसले का दबाव बना रहा है। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस ने आरोपी की गुरुवार को गिरफ्तारी कर ली।