top of page

घरों में अदा हुई ईद उल अज़हा की नमाज, एक-दूसरे को दी मुबारकबाद प्रशासन रहा मुस्तैद


बदायूं। बकरीद की नमाज शनिवार को घरों में ही अदा की गई। लोगों ने नमाज के बाद एक-दूसरे को ईद उल अजहा की बधाई दी। वहीं मस्जिदों समेत ईदगाहों पर भारी मात्रा में पुलिस व पीएसी तैनात रही। लोगों ने भी समझदारी का परिचय देते हुए मस्जिदों का रुख नहीं किया। शहर के प्रमुख चौराहों समेत मिश्रित आबादी वाले इलाकों में पीएसी तैनात रही। डीएम-एसएसपी सहित अधिकारियों ने भी इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया।


शुक्रवार रात से ही जिले में 55 घंटे का लॉकडाउन शुरू हो गया। वहीं शनिवार को बकरीद होने के कारण पुलिस का मूवमेंट और भी बढ़ गया। शहर की जामा मस्जिद पर दिन निकलते ही भारी पुलिस व पीएसी बल तैनात हो गया। इसके अलावा ईदगाह पर भी पुलिस तैनात रही। कोरोना संक्रमण के चलते सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों का जायजा लेने के लिए डीएम कुमार प्रशांत व एसएसपी अशोक कुमार त्रिपाठी भी अधिकारियों के साथ छोटी सरकार स्थित ईदगाह इलाके का भ्रमण किया। यहां मौजूद सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार व सीओ सिटी विनय द्विवेदी से जानकारी ली।


इसके बाद इलाकों में घूमकर यह जायजा लिया। उझानी, सहसवान, बिसौली, कादरचौक, मूसाझाग, फैजगंज बेहटा, उहसैत, दातागंज, बिल्सी इलाके में भी लोगों ने घरों में बकरीद की नमाज अदा की। एसडीएम व सीओ भ्रमण करते रहे। लोगों ने चाहरदीवारी के भीतर कुर्बानी की।

bottom of page