top of page
  • Mohd Zubair Qadri

खैराती चौक से चूना मंडी तक तो हटा, नेहरू चौक से लेकर सीधा टिकटगंज तक अतिक्रमण से लोग परेशान


यूपी बदायूं। शहर में शुक्रवार को खैराती चौक से चूना मंडी तक अतिक्रमण हटवाया गया। इस दौरान व्यापारियों और पुलिस के बीच नोकझोंक भी हुई। घने बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान जाम लगा रहा। इससे आम लोगों को समस्या भी हुई। दोपहर एक बजे से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू किया गया और चार बजे तक चला। बुलडोजर के जरिये बाजार में दुकानों के सामने बने चबूतरे और अस्थायी निर्माण को ध्वस्त कर दिया गया। कुछ व्यापारियों ने भेदभाव का आरोप भी लगाया।


शहर में घंटाघर, छह सड़का, चूना मंडी, नेहरू चौक, खैराती चौक काफी व्यस्त इलाके हैं। खैराती चौक के पास ही तहसील सदर भी है। आसपास के इलाके में अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी होने से अक्सर जाम लगा रहता है। खैराती चौक और चूना मंडी में जाम की समस्या काफी विकट है। नगर पालिका की टीम शुक्रवार दोपहर एक बजे बड़ी तादाद में फोर्स और बुलडोजर के साथ खैराती चौक पहुंच गई। बाजार के दुकानदार यह सब देख कर सकते में आ गए। जब व्यापारियों से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू करने के बारे में कहा गया तो वे नाराज हो गए। व्यापारियों और दुकानदारों ने बिना किसी नोटिस और सूचना के अचानक अभियान का विरोध शुरू कर दिया।


मौके पर काफी संख्या में भीड़ जमा हो गई। दुकानदारों और पुलिस के बीच नोकझोंक होने लगी। इसके बाद पुलिस ने रुख कुछ सख्त कर लिया। दुकानदार बिना किसी पूर्व सूचना अभियान शुरू करने के विरोध में अड़े रहे। दुकानदारों को इसके बाद एक घंटे में स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण हटाने को कहा गया। एक घंटे बाद खैराती चौक से चूना मंडी तक बुलडोजर के जरिये अतिक्रमण हटवा दिया गया।

-

विरोध में कई दुकानदारों ने दुकानें बंद कीं

बिना किसी पूर्व सूचना और नोटिस के अचानक घने बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान के विरोध में कई दुकानदारों ने अपनी दुकानों को बंद कर दिया। दुकानदारों का कहना था कि उनको पहले से बताया गया होता, लेकिन पक्षपात के कारण ऐसा नहीं किया गया। अचानक अभियान शुरू किए जाने से उनका काफी नुकसान हो रहा है। काफी दुकानदारों ने दुकानों के सामने से खुद ही स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण हटा लिया। अभियान के दौरान जो दुकानदार दुकानें बंद करके चले गए उनकी दुकानों के बाहर का भी स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण ध्वस्त करा दिया गया।


डीएम ने कहा तीन दिन, यहां ढाई घंटे में कोरम पूरा


डीएम ने भरी बैठक में एसडीएम, ईओ को लगातार तीन दिन तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाने को कहा था। उझानी में दूसरे दिन भी चलता रहा। शहर में तीन दिन तो दूर पूरे दिन भी अभियान नहीं चला। केवल ढाई घंटे में अतिक्रमण हटाओ अभियान का कोरम पूरा कर दिया।


ऐसा दिन चुना, आगे तीन दिन अवकाश


पालिका ने अभियान चलाने के लिये शुक्रवार का दिन चुना। अफसरों को पता था कि शनिवार-रविवार और सोमवार को बुद्ध पूर्णिमा का अवकाश है। ऐसे में शुक्रवार को कुछ घंटे का अभियान चलाकर दिखावा कर अपना कोरम पूरा किया। डीएम पूछेंगी तो बता दिया जायेगा कि शहर से अतिक्रमण हटवा दिया गया।


अतिक्रमण हटाओ अभियान की शुरुआत की गयी। अभियान गोपी चौक से शुरू होकर चूना मंडी तक चलाया गया। कुछ दुकानों के पक्के चबूतरे तोड़े गये। दुकानदारेां को हिदायत दी गयी, फुटपाथ खाली रखें। इसके बाद भी अगर फुटपाथ व सड़क को घेरा गया तो अब सामान जब्त कर पालिका चालान काटेगी।


अमित कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट/ईओ


bottom of page