- Mohd Zubair Qadri
दिनदहाड़े फायरिंग, पथराव, दो दिन पहले भी मचाया था बवाल पुलिस प्रभावी कार्रवाई की तैयारी में

बदायूं। कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला लोची नगला में शुक्रवार दोपहर फायरिंग हो गई। बताया जा रहा है कि मोहल्ले के विवादित व्यक्ति ने दो दिन पहले एक युवक पर हमला बोला था। उसकी गाड़ियों में तोड़फोड़ की थी।
गनीमत रही कि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ। इधर, मामले की जानकारी पर सदर कोतवाली व सिविल लाइंस थानों की पुलिस मौके पर जा पहुंची। एसपी सिटी प्रवीन सिंह चौहान ने भी घटनास्थल का मुआयना कर इलाकाई लोगों का बयान दर्ज किया है। कई लोगों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। जबकि अब पुलिस प्रभावी कार्रवाई की तैयारी में है।
घटना सदर कोतवाली इलाके के मोहल्ला लोचीनगला में हुई। यहां दो गुटों के बीच कई महीने से वर्चस्व की जंग चल रही है। दोनों ओर से मुकदमेदारी भी हो चुकी है। एक गुट सतीश का बताया जाता है, जबकि दूसरा गुट डब्बू गुप्ता नाम के व्यक्ति का है।
शुक्रवार सुबह पहले दोनों गुटों में पथराव हुआ और एक वाहन का शीशा टूटा। जबकि कुछ देर बाद दोनों गुट तैयारी से आमने-सामने आ गए और फायरिंग हुई। इसके बाद पूरे इलाके की दुकानें बंद हो गईं और लोग घरों में दुबक गए। मामले की जानकारी पर एसपी सिटी समेत दो थानों की पुलिस घटनास्थल पर जा पहुंची। यहां पुलिस ने कुछ हमलावरों को हिरासत में लिया। जबकि कुछ हमलावरों के घर की महिलाएं भी पुलिस अपने साथ ले गई।
एसपी सिटी प्रवीन सिंह चौहान ने बताया कि मामले की जड़ तक जाने की कोशिश कर रहे हैं। जल्द प्रभावी कार्रवाई होगी।