- Mohd Zubair Qadri
सपा के मंडल स्तरीय सम्मेलन में भाजपा पर बरसे पूर्व मंत्री, बोले- हो रहा व्यापारियों का उत्पीड़न

यूपी बदायूं। समाजवादी व्यापार सभा के मंडल स्तरीय सम्मेलन में पूर्व मंत्री संजय गर्ग ने कहा कि सपा सरकार में ही व्यापारियों का हित सुरक्षित है। भाजपा सरकार ने तो व्यापारियों का उत्पीड़न करने का काम किया है, यही वजह है कि 2022 के चुनाव में व्यापारी सपा की सरकार बनाने के लिए तैयार हैं। समाजवादी व्यापार सभा का मंडल स्तरीय सम्मेलन शुक्रवार को शहर के कृष्णा लाइन में आयोजित किया गया। जिसमें मंडलभर के व्यापारी पहुंचे। यहां पर मुख्य अतिथि बतौर पहुंचे पूर्व मंत्री संजय गर्ग ने व्यापारियों को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि जब से भाजपा सरकार बनी है तब से व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। व्यापारियों के लिए अनावश्यक टैक्स के बोझ में दबा दिया है। बिजली का बिल बढ़ाकर भी व्यापारियों पर बोझ डालने का काम किया है। कोरोना काल के दौरान व्यापार चौपट हो गए। इसके बावजूद व्यापारियों ने टैक्स दिया लेकिन सरकार की ओर से उन्हें कोई राहत नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि अब सपा सरकार बनने पर ही व्यापारियों को राहत मिलेगी और उनका व्यापार पटरी पर आयेगा।
पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा का सफाया तय है। जनता त्रस्त आ चुकी है, महंगाई दिनों दिन बढ़ती जा रही है। आपराधिक घटनाओं का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है।व्यापारी समाज खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है, इसी के चलते जनता ने अब पूरी तरीके से सपा सरकार को लाने का मन बना लिया है। जिला अध्यक्ष प्रेमपाल यादव ने कहा कि कार्यकर्ता अभी से चुनाव की तैयारी में जुट जाएं।