- Mohd Zubair Qadri
बदायूं में होली का पहले जैसा उल्लास, जमकर नाचे-गाये और उड़ाया गुलाल गले मिलकर दी बधाई

बदायूं। जिलेभर में शुक्रवार को होली का पर्व उल्लास के साथ मनाया गया। जहां लोगों ने सुबह के वक्त होलिका दहन किया, वहीं बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सभी रंगों की फुहार से खुद को बचा नहीं सके। सुरक्षा के लिहाज से यहां भारी मात्रा में पीएसी भी तैनात रही। अफसर भी लगातार शहर से लेकर देहात इलाकों में भ्रमणशील रहकर हालात का जायजा लेते रहे। जबकि होली का जुलूस भी निकाला गया।
समूचा जिला शुक्रवार भोर से ही रंगों में सराबोर दिखा। होलिका माता के जयकारों के साथ ही होलिका दहन किया गया। जबकि इसके बाद लोगों ने होलिका माता की पूजा-अर्चना की। वहीं गले मिलकर एक-दूसरे को होली की बधाई दी। जबकि बच्चों से लेकर युवा तक सभी सुबह से ही होली की तैयारियों में जुट गए। छतों पर रंग घोलकर रखा गया तो गुलाल और रंग भरे गुब्बारे भी तैयार कर लिए गए। दिन निकलते ही हर तरफ का माहौल रंगीन हो गया।
जमकर थिरके हुरियारे
तमाम स्थानों पर होलिका के पास डीजे भी लगाए गए थे। इन पर हुरियारे होली के गीत व फिल्मी गानों पर थिरकते नजर आए। जमकर होली का हुडदंग चल रहा है। फिलहाल कहीं किसी तरह की अशांति की सूचना नहीं है। एसपी सिटी प्रवीन सिंह चौहान ने बताया, जिले भर में शांति के साथ होली का त्योहार मनाया जा रहा है।
पुलिस लाइन में भी जलाई गई होली
पुलिस लाइन में भी होलिका दहन किया गया। इससे पहले एसएसपी डॉ. ओपी सिंह और उनकी पत्नी ने परंपरा के अनुसार होलिका का विधिवत पूजन किया। जबकि बाद में होलिका में आग लगाई गई। इसके साथ ही एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए शांतिपूर्ण ढंग से त्योहार मनाने का निर्देश दिया।