- Mohd Zubair Qadri
बदायूं में तेज रफ्तार कार ने तीन किमी तक युवक को घसीटा, शव के हो गए चीथड़े

यूपी बदायूं। प्रदेश के बदायूं जनपद में दिल्ली के कंझालवा जैसी घटना हुई है, जिसने लोगों के दिल को झकझोर दिया। थाना बिल्सी क्षेत्र के सिरासौल गांव के पास एक युवक को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद उसका शव कार में फंस गया। चालक ने कार नहीं रोका। करीब तीन किलोमीटर तक शव को घसीट ले गया। इससे शव के चीथड़े उड़ गए। जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को काफी मशक्कत के बाद कार से निकाला।
बिल्सी क्षेत्र के रायपुर बुजुर्ग निवासी और मृतक के भाई अमित ने बताया कि उनका भाई उमेश कुमार (25) पुत्र कुंवर पाल अपनी बहन के घर सिरासौल गया था। रात के वक्त वह सड़क पर टहल रहा था। इसी दौरान बिल्सी की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद उमेश कार के नीचे फंस गया। चालक ने कार नहीं रोकी और उसे तीन किलोमीटर तक घसीट ले गया।
राहगीरों ने कार के नीचे शव देखकर पुलिस को सूचना दी और कार को रुकवाया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला है। वहीं परिजनों ने कार्रवाई की मांग करते हुए बिल्सी थाना पुलिस को तहरीर दी है। इधर कोतवाल अशोक कुमार सिंह ने बताया शव को कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। कार के चालक को हिरासत में ले लिया है।