
यूपी बदायूं। गैर संप्रदाय के युवक से प्रेम विवाह करने वाली युवती की शुक्रवार रात में सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गयी। घटना के वक्त वह अपने पति के साथ बाइक से घर जा रही थी। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया।
देर रात परिजन थाने पहुंच गए थे। पुलिस घटना की पृष्ठभूमि के आधार पर आरोपी के खिलाफ साक्ष्य जुटाने में लगी थी।
शहर के मोहल्ला लोटनपुरा में रहने वाली नेहा ने डेढ़ साल पहले शेखूपुर के आसिफ से शादी की थी। बताया जाता है कि उत्तराखंड में दोनों मिले थे। इस शादी का नेहा के परिवार वालों ने विरोध किया था। शुक्रवार रात पति-पत्नी बाइक से बदायूं से घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में किसी ने नेहा पर निशाना साधकर फायरिंग कर दी। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मीरा सराय और शेखूपुर के बीच हुई इस वारदात के बाद पति आसिफ लहूलुहान नेहा को जिला अस्पताल लेकर पहुंचा तो वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
शव को मोर्चरी में रखवाने के बाद आसिफ भी कहीं चला गया। पुलिस यह कयास लगा रही है कि नेहा के किसी करीबी ने उसकी हत्या की है। पुलिस ने उसके भाइयों को हिरासत में लिया तो देर रात लोग थाने पहुंच गये। एक भाई बाइक एजेंसी में काम करता है तो दूसरा गैर जिले में रहता है।
मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी को भी आरोपी नहीं कहा जा सकता। तहरीर मिलने के बाद जांच को दिशा मिलेगी, जो भी संदिग्ध लगा उससे पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जायेगा।
विनय द्विवेदी, सीओ सिटी