- Mohd Zubair Qadri
मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर पर कार्रवाई की मांग, जिलाध्यक्ष से अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप

यूपी बदायूं। भारतीय जनता युवा मोर्चा के पदाधिकारियों ने कलक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। उन्होंने मेडिकल कालेज के डॉक्टर पर भाजपा जिलाध्यक्ष से अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप लगाया। इसके साथ डाक्टर को निलंबित करते हुए सेवा समाप्त करने की मांग की।
भाजयुमो के जिलाध्यक्ष अनुज माहेश्वरी ने मेडिकल कालेज के संविदा डाक्टर पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। भाजपा जिलाध्यक्ष से अमर्यादित व्यवहार करने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। आरोप है कि डाक्टर मरीजों अभद्र व्यवहार करते हैं। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने जिलाध्यक्ष से की थी। जिलाध्यक्ष ने मधुर भाषा में डाक्टर को समझाने का प्रयास किया। लेकिन, डाक्टर ने अभद्र भाषा का प्रयोग कर अपमानित करने का प्रयास किया। आडियो की रिकार्डिंग वायरल कर दी। इस मौके पर पारस गुप्ता व सहदेव सागर मौजूद रहे।
सपा के पूर्व सांसद शनिवार को राजकीय मेडिकल कालेज पहुंचे। वहां की स्थिति जानी। उन्हें बताया गया कि अब तक यहां से कोरोना के 650 मरीज स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। उन्होंने कालेज के चिकित्सकों और स्टाफ को माला पहनाकर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव द्वारा बनवाया मेडिकल कालेज कोरोना काल में क्षेत्र के लोगों के लिए वरदान साबित हुआ। मेडिकल कालेज के डाक्टर व भाजपा जिलाध्यक्ष का आडियो वायरल होने के मामले में उन्होंने कहा कि सत्ताधारी पार्टी के नेता मद में इतना चूर हैं कि इन डाक्टरों को धमका रहे हैं।