
यूपी बदायूं। पूर्व सपा सांसद और सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के भतीजे सांसद धर्मेंद्र यादव कोरोना पॉजिटिव निकले हैं। उन्हें तीन दिन पहले बुखार आया था। वह किसी कार्य से लखनऊ गए थे। तभी उन्होंने वहीं स्वयं अपना सैंपल कराया था। शनिवार रात को उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई। जिस पर उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। सपा सांसद धर्मेंद्र यादव करीब तीन माह पूर्व बदायूं आए थे। उस समय उन्होंने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में जाकर अपने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की थी। उसके बाद लॉकडाउन लग गया। तब से वह सैफई में ही थे। बताते हैं कि अनलॉक-1 शुरू होने के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं से दोबारा मुलाकात शुरू की थी। हालांकि वह कहीं गए नहीं थे। 11 जून को उन्हें बुखार आया था। इस पर उन्होंने हॉस्पिटल जाकर दवा ले ली थी।
अभी दो दिन पहले वह अपने कार्य से लखनऊ गए थे। तभी उन्होंने लखनऊ में ही अपना कोरोना संक्रमण की जांच के लिए सैंपल कराया। वह लौटकर सैफई पहुंच गए। शनिवार रात को उनकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। इससे परिवार वाले उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज ले गए हैं। हालांकि उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। इस संबंध में सांसद धर्मेंद्र यादव ने बताया कि उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। उन्होंने लक्षण दिखने पर स्वयं अपना टेस्ट कराया था। हालांकि उन्हें कोई विशेष परेशानी नहीं हैं। वह सैफई मेडिकल कॉलेज में क्वांरटीन हैं। जल्द ही समर्थकों के बीच स्वस्थ होकर लौटेंगे। समर्थकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने की प्रार्थना : पूर्व सांसद के मीडिया प्रभारी प्रभात अग्रवाल ने बताया कि पूर्व सांसद के कोरोना पॉजिटिव पाये जाने पर सभी सपा कार्यकर्ताओ ने ईश्वर से उनकी शीघ्र स्वस्थ्य होने की कामना की है। इसके अलावा फरहत अली, हाजी अजमल खां, रवेन्द्र शाक्य, फैजान आजाद, मोहित पटेल, शहनवाज खां, शादाब मिर्जा, अनिल आनन्द आदि समर्थकों ने भी पूर्व सांसद के शीघ्र स्वस्थ होने की दुआ की है।