- Mohd Zubair Qadri
एक तरफ बीमारियों का जमावड़ा इधर कुछ सप्ताह चलकर ठप हुआ अभियान, अब सड़कों पर गंदगी

यूपी बदायूं। एक तरफ बीमारियों का जमाबड़ा है और इधर शहर में गंदगी को देखते हुए नगर विकास राज्यमंत्री के निर्देश पर हर शनिवार को विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा था। इसमें नगर पालिका के कर्मचारियों के अलावा ग्राम पंचायतों से सफाई कर्मचारियों को बुलाकर सफाई कराई जा रही थी, लेकिन इस शनिवार को विशेष सफाई अभियान नहीं चलाया गया। वहीं रविवार को स्थानीय सफाई कर्मचारियों ने सफाई नहीं की। मोहल्लों में लगे हुए कूड़े के ढेर ऐसे में मुख्य सड़कों से लेकर गलियों तक में कूड़ा फैला रहा। इससे लोगों को निकलने में दिक्कत हुई।
नगर पालिका के सफाई कर्मचारी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर दिवाली से पहले हड़ताल पर चले गए थे। ऐसे में शहरवासियों को त्योहार गंदगी के बीच में मनाना पड़ा था। तब नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद गुप्ता ने सफाई व्यवस्था को अपने हाथों में लिया और शहर में हर शनिवार को विशेष अभियान चलाने के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। कहा कि इसके तहत शहर पालिका के सफाई कर्मचारियों के अलावा जिला पंचायत राज विभाग के दो सौ सफाई कर्मचारियों को लेकर शहर में विशेष सफाई कराई जाए। उसके बाद शनिवार को निरंतर अभियान जारी रहा, लेकिन इस शनिवार को शहर में अधिकारियों ने विशेष सफाई अभियान नहीं चलाया तो रविवार को भी सफाई नहीं हुई। ऐसे में रविवार को शहर गलियों से लेकर मुख्य सड़कों के किनारे हर तरफ कूड़ा पड़ा दिखा। इससे लोगों को आने जाने में दिक्कत का सामना करना पड़ा।
-
सफाई कर्मचारियों को बुलाने के लिए डीपीआरओ से बात करने की कोशिश की गई थी, लेकिन उनका नंबर बंद था। पालिका के कर्मचारियों को लगाकर सफाई कराई गई थी।
अमित कुमार, ईओ/ सिटी मजिस्ट्रेट
-
पालिका की तरफ से सफाई कर्मचारियों की कोई मांग नहीं की गई थी। अगर मांग की गई होती तो अवश्य कर्मचारियों को भेजा जाता। मेरा फोन हर समय खुला रहता है।
श्रेया मिश्रा, डीपीआरओ