- Mohd Zubair Qadri
बदायूं में झमाझम बारिश से धान की फसल को नुक्सान, रुक-रुक कर बारिश जारी

यूपी बदायूं। शहर से लेकर देहात तक रात भर रुक-रुक कर बारिश होती रही। सुबह के समय अधिकांश स्थानों पर झमाझम बारिश हुयी। बारिश के बाद से निचले इलाके समेत खेत जलमग्न हो गए हैं। खेतों में जलभराव से धान की फसल को क्षति पहुंची है।
मौसम का मिजाज दूसरे दिन सोमवार को भी बिगड़ा हुआ है। रात भर जिले के अधिकांश स्थानों पर रुक-रुक कर बारिश होती रही। बारिश के साथ ही चली हवाओं से धान की फसल को भारी क्षति पहुंची है। धान की पकी हुई फसल गिर गई है, वही जो फसल कटी हुई पड़ी थी वह भी खराब हो जाएगी। मौसम के बिगड़े रुख को देखते हुए किसान बेचैन हैं। दिन निकलते ही किसान खेतों पर पहुंच गए और जल निकासी शुरू कर दी।
बारिश के चलते सरसों व बाजरा की फसल भी पानी भरने से खराब हो गई है। धान उत्पादकों का कहना है कि खराब हुए मौसम से बढ़िया उत्पादन मिलने का सपना चकनाचूर हो गया है। मौसम की मार ऐसी पड़ी कि धान की फसल खराब हो गई है।
कृषि वैज्ञानिकों ने आज और कल भी इसी प्रकार से मौसम बने रहने की संभावना व्यक्त की है। बारिश के चलते मंडी समिति के समीप जलभराव की समस्या बनी है। जिसकी वजह से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पीडब्ल्यूडी अफसरों ने पंपसेट चलवाकर पानी को निकलवाना शुरू कर दिया है।