top of page
  • Mohd Zubair Qadri

बदायूं में तीन सीटें बीजेपी के खाते में और तीन सपा के खाते में गई, बसपा-कांग्रेस का पत्ता साफ


यूपी बदायूं। जनादेश गुरुवार शाम आ गया। यहां छह विधानसभा सीटों में तीन पर भाजपा काबिज रही, जबकि तीन सपा के खाते में गईं। सपा का गढ़ कहे जाने वाली सहसवान सीट पर इस बार भी साइकिल को ही जनता ने चुना। जबकि दो सीटें भाजपा ने गंवा दीं। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतगणना प्रक्रिया पूरी हुई। सभी विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। बदायूं छह सीटों पर विभिन्न दलों के 61 प्रत्याशियों ने अपनी किस्मत आजमाई थी।


जिले में 23 लाख 87 हजार तीन सौ वोटरों के नाम लिस्ट में शामिल किए गए थे लेकिन सात लाख 55 हजार 894 पुरुषों तो छह लाख 49 हजार 243 महिलाएं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। थर्ड जेंडर के 10 वोटरों ने भी मतदान किया। कुल मिलाकर यहां 58.86 प्रतिशत मतदान हुआ था। जबकि गुरुवार को मतगणना के बाद देर शाम आए परिणामों के बाद यह स्पष्ट हो गया कि सदर सीट से भाजपा प्रत्याशी महेश चंद्र गुप्ता तो दातागंज से राजीव कुमार सिंह उर्फ बब्बू भैया चुनाव जीते। ये दोनों सिटिंग एमएलए भी थे। जबकि बिल्सी से नया चेहरा बतौर सामने आए भाजपा के हरीश शाक्य भी चुनाव जीत गए। इधर, शेखूपुर सीट पर सपा के हिमांशु यादव तो सहसवान में सपा के सिटिंग एमएलए ओमकार सिंह के बेटे ब्रजेश यादव के सिर पर विधायकी का ताज रखा गया। बिसौली में भाजपा के सिटिंग एमएलए कुशाग्र सागर और सपा प्रत्याशी आशुतोष मौर्य के बीच कड़ा मुकाबला हुआ और आखिरकार यह सीट भी सपा के खाते में गई। कुल मिलाकर छह में से तीन सीटें भाजपा तो तीन सपा ने हथिया लीं।


इन्हें मिले इतने वोट

सदर सीट से नगर विकास मंत्री महेश गुप्ता जीते हैं और उन्हें 100149 वोट मिले। दूसरे नंबर पर सपा के रईस अहमद को 89117 वोट मिले हैं। इस सीट पर बसपा तीसरे नंबर पर रही और प्रत्याशी राजेश कुमार को 22990 वोट मिले। सहसवान सीट पर सपा प्रत्याशी ब्रजेश यादव को 83366 वोट मिले। वहीं दूसरे स्थान पर रहे बसपा के मुसर्रत अली बिट्‌टन को 69427 वोट मिले। भाजपा यहां तीसरे स्थान पर रही और प्रत्याशी डीके भारद्वाज को 66166 वोट मिले। बिल्सी सीट पर भाजपा प्रत्याशी हरीश शाक्य को 93329 वोट मिले हैं। सपा-महानदल गठबंधन प्रत्याशी चंद्रप्रकाश दूसरे नंबर पर रहे और उन्हें 68016 वोट मिले हैं। तीसरे नंबर पर रहीं बसपा की ममता शाक्य को 31604 वोट मिले हैं। शेखूपुर विधानसभा सीट से सपा प्रत्याशी हिमांशु यादव को 104920 वोट मिले हैं। रनरअप रहे भाजपा प्रत्याशी धर्मेंद्र कुमार शाक्य को 99259 वोट ही मिल सके। जबकि बसपा के मुस्लिम खां 34801 वोट पाकर तीसरे नंबर पर रहे। इधर, दातागंज सीट से भाजपा प्रत्याशी राजीव कुमार सिंह को 107457 वोट मिले हैं। दूसरे नंबर पर रहे सपा के कैप्टन अर्जुन को 97988 वोट मिले हैं। वहीं बसपा के रचित गुप्ता 20554 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रहे। बिसौली से सपा प्रत्याशी आशुतोष मौर्य को 56830 वोट मिले। दूसरे स्थान पर रहे भाजपा के कुशाग्र सागर को 55261 तो बसपा के जयपाल ने 11864 वोट पाकर तीसरा पायदान प्राप्त किया।


बसपा-कांग्रेस का पत्ता साफ

सभी सीटों पर बसपा व कांग्रेस का पत्ता साफ हो चुका है। महज सहसवान में बसपा दूसरे नंबर पर रही। जबकि बाकी सभी सीटों पर तीसरे पायदान पर जा टिकी। जबकि कांग्रेस प्रत्याशी चौथे नंबर पर रहे।

bottom of page