top of page
  • Mohd Zubair Qadri

जिले में गेहूं की फसल पककर तैयार, कटाई में जुटे अन्नदाता मौसम पर भरोसा नहीं


यूपी बदायूं। होली के ठीक बाद गेहूं की फसल पककर तैयार हो चुकी है। किसानों ने गेहूं कटाई का काम शुरू कर दिया है। किसान कटाई के साथ-साथ फसल की थ्रेसिंग भी कराते जा रहे हैं, क्योंकि किसानों को मौसम पर भरोसा नहीं है कि कब बिगड़ जाये। ऐसे में किसानों ने गेहूं की फसल बटोरने के लिये दिनरात एक कर दी है।


जिले में किसानों ने 2.60 लाख हेक्टेयर पर गेहूं की खेती की है। इस बार बीते दिनों से चली तेज हवाओं एवं बढ़ते तापमान के चलते अगहती एवं पिछैती बुवाई की गई फसल एक साथ पक गई है। सदर, सहसवान, दातागंज, बिसौली, बिल्सी तहसील क्षेत्र में गेहूं उत्पादक गेहूं की फसल काटने में जुट गये हैं। तराई इलाके में किसान गेहूं कटाई के लिये कंबाइन का सहारा ले रहे हैं। जबकि अन्य स्थानों पर किसान दरांती से गेहूं की फसल काट रहे हैं। इसी गति से गेहूं कटाई जारी रही तो 15 दिन में गेहूं कटाई का काम पूरा हो जायेगा। जिले के किसान ज़हूर अहमद , मोहम्मद मियां, रहीस व दुर्गपाल, श्यामपाल, अनोखे ने बताया कि गेहूं की फसल पक चुकी है। कटाई का काम शुरू कर दिया है। मौसम का रुख कभी भी बिगड़ सकता है। ऐसे में फसल घर की दहलीज तक लाने में लगे हैं।

bottom of page