- Mohd Zubair Qadri
9 नवंबर को बदायूं आ सकते है सीएम, कर्मचारियों की छुट्टियां रद कर तैयारियों में जुटा प्रशासन

यूपी बदायूं। विधानसभा चुनाव से पहले हर जिले का दौरा कर रहे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अगले सप्ताह नौ नवंबर को बदायूं आएंगे। कार्यक्रम तो अभी जारी नहीं हुआ है, लेकिन शासन से मिले मौखिक निर्देशों के क्रम में सहसवान में संभावित कार्यक्रम की तैयारी शुरू करा दी गई है। प्रमोद इंटर कालेज में शिलान्यास, लोकार्पण के साथ जनसभा की बात कही जा रही है। जिलाधिकारी दीपा रंजन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डा.ओपी सिंह बुधवार को सहसवान पहुंचे। हेलीपैड से लेकर मंच तक बनवाने के लिए जगह का जायजा लिया। अधिकारियों की छुट्टियां रद कर दी गई हैं, तैयारी में जुटने के निर्देश दिए गए हैं।
प्रदेश में सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री 2018 में जिले के दौरे पर आए थे। उस समय कलक्ट्रेट में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की थी और वापस लौट गए थे। विधानसभा चुनाव की आहट सुनाई पड़ने लगी है। मतदाता सूची का पुनरीक्षण अभियान भी शुरू हो चुका है। इस बीच मुख्यमंत्री के दौरे का संकेत मिल गया है। पिछले दिनों उत्तराखंड में हुई भारी बारिश के चलते यहां गंगा और रामगंगा नदियों में बाढ़ आई थी, इससे दातागंज और सहसवान विधानसभा क्षेत्र के गांव प्रभावित हुए हैं।
बाढ़ प्रभावित गांवों में हुए नुकसान का सर्वे भी कराया जा चुका है, अब तक नौ करोड़ की क्षति का आंकलन भी किया जा चुका है। माना जा रहा है कि विभिन्न परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण के साथ वह बाढ़ पीड़ितों को मुआवजा का भी वितरण कर सकते हैं। डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री के नौ नवंबर को सहसवान में आने का कार्यक्रम है। खुद आयोजन स्थल का जायजा लिया है, तैयारी शुरू कर दी गई है।
डीएम दीपा रंजन और एसएसपी डा.ओपी सिंह के बुधवार को अचानक सहसवान पहुंचने से अधिकारियों में अफरा-तफरी मच गई। बताया गया कि नौ नवंबर को यहां मुख्यमंत्री का कार्यक्रम लग रहा है। प्रमोद इंटर कालेज के मैदान में तैयारी शुरू करा दी गई है। इस दौरान उप जिलाधिकारी महीपाल सिंह, एआरटीओ सुहेल अहमद, तहसीलदार शिवओम शर्मा, सीओ अनिरूद्ध सिंह, कोतवाल संजीव शुक्ला भी मौजूद रहे।