- Mohd Zubair Qadri
शहर के गांधी ग्राउंड में परेड से हुआ सफाई कर्मियों का सत्यापन, दो को निलंबित

यूपी बदायूं। शहर के गांधी ग्राउंड में नगर पालिका के सफाई कर्मियों की परेड हुई। इसमें पालिका में तैनात 347 सफाई कर्मियों में से 345 मौजूद रहे। दो अनुपस्थित सफाई कर्मियों के खिलाफ डीएम कुमार प्रशांत के निर्देश पर निलंबन की कार्रवाई की गई। इसके साथ ही बायोमैट्रिक से उनकी हाजिरी लगाने के लिए उनका डेटा भी फीड किया गया। शहर की सफाई व्यवस्था को दुरूस्त कराने के लिए सफाई कर्मियों के सत्यापन को उनकी परेड कराई गई।
शहर में सफाई व्यवस्था की शिकायतें लगातार अफसरों को मिल रही थी। कई बार चेतावनी के बाद भी कर्मियों के रवैये में सुधार नहीं हुआ। गत दिनों मंडलायुक्त रणवीर प्रसाद नगर पालिका पहुंचे थे। उन्होंने यहां की सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उन्होंने सफाई व्यवस्था को ढर्रे पर लाने को नगर मजिस्ट्रेट को निर्देशित किया। इस पर शनिवार को सफाई कर्मियों की परेड हुई। सभी की उपस्थिति अनिवार्य थी। फिर भी दो सफाई कर्मी बिना कारण गैरहाजिर रहे। सत्यापन के दौरान सभी कर्मियों की फोटोग्राफी कराई। उनके फोटो और आधार कार्ड से दस्तावेजों में मिलान किया। सफाई निरीक्षकों से उनकी वार्ड में तैनाती के बारे में जानकारी ली। मास्क हटाकर देखे चेहरे
एडीएम ऋतु पुनिया ने सत्यापन में संदेह होने पर सफाई कर्मियों के मास्क हटावकर उनके चेहरे देखे। उन्होंने कर्मियों से सफाई व्यवस्था को लेकर सवाल जबाव भी किए। वार्डों में ड्यूटी के बावत जानकारी ली।
वाहनों में लगे जीपीएस सिस्टम का भी सत्यापन
परेड में पंप आपरेटर और सफाई व्यवस्था में लगे वाहन चालकों का भी सत्यापन किया। पंप पर कार्यरत कर्मियों से उनकी तैनाती और कार्यों की जानकारी ली। वहीं वाहन चालकों का भी आधार कार्ड और फोटो से मिलान किया। वाहनों में लगे जीपीएस सिस्टम को भी देखा।
सफाई कर्मियों का सत्यापन कर उनके दस्तावेजों का मिलान कर बायोमैट्रिक मशीन में फीड किया है। अब इससे उनकी हाजिरी लगेगी। दो लापरवाह सफाई कर्मियों को निलंबित किया है।
अमित कुमार, नगर मजिस्ट्रेट