top of page
  • Mohd Zubair Qadri

सिटी मजिस्ट्रेट से वार्ता के बाद नगर पालिका में धरना दे रहे सफाई कर्मियों की हड़ताल खत्म


यूपी बदायूं। मुख्यमंत्री के आने से पहले नगर पालिका में धरना दे रहे सफाई कर्मचारियों को प्रशासन ने मना लिया। रविवार को सिटी मजिस्ट्रेट पालिका पहुंचे और हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारियों से वार्ता की। लिखित आश्वासन के बाद सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल खत्म कर दी। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि अब वे दो शिफ्टों में काम कर शहर को साफ सुथरा करेंगे।


उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के बैनर तले 26 अक्तूबर से नगर पालिका में तैनात सफाई कर्मचारी अपने बकाया देयों को लेकर धरना प्रदर्शन कर रहे थे। इसकी वजह से शहर की सड़कों से लेकर गलियों तक में हर तरफ गंदगी दिखाई दे रही थी। लोगों ने नगर विकास राज्यमंत्री महेश चंद्र गुप्ता से सफाई व्यवस्था बेहतर कराने की मांग की। इस पर राज्यमंत्री ने कोशिश की पर हड़ताल खत्म नहीं हो सकी। ऐसे में लोगों को त्योहार गंदगी के बीच ही मनाना पड़े। राज्यमंत्री की नाराजगी का शिकार एसडीएम सदर हुए और उनसे ईओ नगर पालिका का चार्ज हटाकर सिटी मजिस्ट्रेट को दे दिया गया।


इसके बाद रविवार को सिटी मजिस्ट्रेट अमित कुमार ने पालिका पहुंचकर सफाई कर्मचारियों से वार्ता की। उसके बाद में लिखित आश्वासन पर सफाई कर्मचारियों ने हड़ताल को खत्म कर दी। उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ के नगर अध्यक्ष रमेश डी लाल ने बताया कि सफाई कर्मचारी सुबह और शाम दो शिफ्टों में काम करेंगे, लेकिन रात में काम नहीं करेंगे।

bottom of page